Friday, 19 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 28


कैकेयी अब बोलती
---------------------------------------------
मन से निकले जो कहीं,
सचमुच मन की बात।
कितनों के मन पर पड़े,
एक वज्र आघात।।

कहे बिना माने नहीं,
कैकेयी भी बात।
ताला ले बैठी रहे,
सामंतों की जात।।

भूल नहीं पाया कभी,
मन वह चुभती देह।
प्रथम बार अभिसार जब,
हुआ भूप के गेह।।

अभी-अभी ही हुई थी,
युवा, युवा अरमान।
और अचानक मिट गया,
यौवन का सम्मान।।

वचनबद्ध जीती रही,
भूप रहे आसक्त।
समय गया मैं भी हुई,
उन पर फिर अनुरक्त।।

बनूँ राजमाता कभी,
चाह रही यह शेष।
जदपि राम पर भी रहा,
स्नेह असीम अशेष।।

राजा अवस्थी, कटनी
19/01/2018
-----------------------------------------

Thursday, 18 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 27


कैकेयी अब बोलती
---------------------------------------------
प्रायश्चितरत ही रखा,
कैकेयी का जन्म।
चाहा किसने कब पढ़े,
कैकेयी का मर्म।।

माना कुछ परिणाम थे,
हुए कल्पनातीत।
तो उसके भी मूल में,
थी रघुकुल की रीत।।

कोई पथ बाकी न था,
ऐसे थे हालात।
कोई राजी नहीं था,
सुनने को सच बात।।

मौन रही तो इसलिए,
पथ सारे थे बन्द।
वरना क्या अपराध था,
माँग लिया अनुबंध।।

प्रायश्चित किस बात का,
और ग्लानि किस हेतु।
मेरे मुँह पर मढ़ गई,
अकथ म्लानि किस हेतु।।

कहे बिना रुकना नहीं,
अकथनीय जो तथ्य।
नारी मन को खोलते,
कुछ अनबूझे कथ्य।।

लगे बड़ा आघात जो,
कह दूँ मन की बात।
छिन्न - भिन्न होने लगें,
जो स्थापित जज्बात।।

फिर भी कह कर ही रुके,
कैकेयी इस बार।
अकथनीय जो सह लिया,
कहा नहीं मन मार।।

अभी-अभी युवती हुई,
हुईं उमंग जवान।
भूप पधारे देश में,
तन मन तीर कमान।।

राजा कब सोचे कहीं,
कैसी उसकी चाह।
फिर स्त्री जैसी वस्तु की,
कौन करे परवाह।।

किसने पूँछा कैकयी,
क्या तेरा मन्तव्य।
गिरा शक्ति के कुण्ड में,
अनचाहे ही हव्य।।

राजा अवस्थी, कटनी
18/01/2018
9617913287 

Tuesday, 16 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 26


कैकेयी अब बोलती
--------------------------------------------
गुरु आचार्यों पुरजनों,
माताओं सँग सेन।
सबने देखा भरत के,
बरस रहे दो नैन।।

हार थके जब विवश हो,
कह पादुका निकाल।
हे ककुत्स्थकुलमणि करो,
इनको आज निहाल।।

इनको स्थापित कर करुँ,
काज राज के हेत।
जो था केवल राम का,
जिसे राम अभिप्रेत।।

राम तपस्वी - से यहाँ,
तो मैं नन्दीग्राम।
तापस बनकर ही रहूँ,
जब तक लौटें राम।।

धन्य - धन्य सबने कहा,
रहा राम का राज।
भरत दास बन सेवते,
राम राज के काज।।

भरत ग्लानि के भार से,
कुछ - कुछ हुए निवृत्त।
भोग न लें कण राज सुख,
पूर्ण सजग था चित्त।।

मैं कैकेयी पूर्णतः,
कर्म धर्म सब हार।
वह जीवन जीती रही,
जो जीना दुश्वार।।

वचन वधिक - से भूप के,
लेकर निकले प्राण।
और भरत ने कर दिए
प्राणहीन वरदान।।

राजा अवस्थी, कटनी
17/01/2018
9617913287



कैकेयी अब बोलती - 25


कैकेयी अब बोलती
-----------------------------------------
भरत - राम के बीच थी,
अनबूझी सी डोर।
पूर्ण चन्द्र सम राम थे,
भरत पिपासु चकोर।।

निपुण भरत यह जानते,
वचन न तोड़ें राम।
मर्यादा की मूर्ति वे,
मर्यादा के धाम।।

अंतिम क्षण तक कर लिया,
अनुनय विनय प्रयत्न।
राम न लौटे अवध तब,
रहे व्यर्थ सब यत्न।।

प्रश्न सभी के मन उठा,
सेना पुरजन संग।
गए मनाने इस तरह,
यह कैसा था ढंग।।

नीति निपुण थे चाहते,
सब देखें सब यत्न।
करें मनाने के लिए,
जितने भरत प्रयत्न।।

क्या वशिष्ठ क्या कौसिला,
क्या जाबालि महान।
सबने सिखलाया उन्हें,
अवध-वापसी-ज्ञान।

अवधि पूर्ण वन की करूँ,
तब लौटूँ इस ओर।
भूपाज्ञा अवहेलना,
का मत डालो जोर।।

धरने पर बैठे भरत,
रहे अन्न जल त्याग।
राम लौट आएँ अवध,
विनत चरम अनुराग।।

नीति रीतिमय ज्ञान के,
पुञ्ज प्रवीण प्रमाण।
राम न तिल भर भी डिगे,
रखा वचन का मान।।

पुरजन, माता और गुरु,
हार गए सब भाँति।
राम अडिग वन में रहे,
अवध रही आराति।।

राजा अवस्थी, कटनी
16/01/2018

Monday, 15 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 23


कैकेयी अब बोलती
----------------------------------------------
भरद्वाज ऋषि श्रेष्ठ थे,
पहले ऐसे व्यक्ति।
जो बोले कैकयी से,
करो न भरत विरक्ति।।

वन के दिन पूरे बिता,
जब लौटेंगे राम।
तिहुँपुर छाएगी विमल,
राम कीर्ति अभिराम।।

मन में क्लेश न तुम धरो,
दोष न कैकयि केर।
बरसों से बुनता रहा,
काल जाल नित फेर।।

मैं निराश हतभागिनी,
किंकर्तव्यविमूढ़।
अनबूझा सब हो गया,
बुद्धिमती अब मूढ़।।

अब अनुगामिनि पुत्र की,
बनी न किया विचार।
जर्जर छिद्रित नाव है,
टूट गईं पतवार।।

सब डूबे उल्लास में,
राम मिलन की आस।
कैकेयी नतसिर लिए,
हारी थकी हतास।।

राजा अवस्थी, कटनी
14/01/2018
09617913287

कैकेयी अब बोलती - 24


कैकेयी अब बोलती
-----------------------------------
हेर फेर अनगिन तरह,
भरत किए अनुरोध।
उल्टे समझाते रहे,
राम प्रबोध - प्रबोध।।

अवध शक्तिशाली नगर,
बलनिधि अवध कुमार।
बैठे सब त्यागे हुए,
अवध राज्य अधिकार।।

सबने ही कितना कहा,
लौट चलो अब राम।
रघुनंदन राजा बनो,
करो अवध सुखधाम।।

पिता गए जो सौंपकर,
पूरा कर वह काम।
तब ही लौटेंगे अवध,
दृढ़प्रतिज्ञ थे राम।।

भरत किसी भी तरह से,
नहीं चाहते राज।
राम न आना चाहते,
भूप वचन के काज।।

किया - धरा मेरा मिटा,
छोड़ गया बस आग।
भीतर - बाहर सब जला,
लहक रहे अब दाग।।

राजा अवस्थी, कटनी
15/01/2018
9617913287





Saturday, 13 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 22


कैकेयी अब बोलती
---------------------------------
भरद्वाज से भरत ने,
करवाई पहचान।
मूढ़ कुलच्छिनि पापिनी,
कैकयि साँप समान।।

कोख जना बेटा कहे,
पापिनि दुष्ट कुलघ्न।
उस माँ का जीना कहो,
होगा कितना भग्न।।

मैं अभागिनी वस्तु सी,
रही सभी के हेत।
पिता संधि में सौंपते,
भूप वरे ज्यों खेत।।

राजमहल की रानियाँ,
रहीं डाह से त्रस्त।
शूलदृष्टियों ने किया,
सहने की अभ्यस्त।।

बरसों की मन की घृणा,
सबने रखी निकाल।
मौका था सबके लिए,
मुझ पर रहे उछाल।।

कण भर भी संवेदना,
न थी किसी के पास।
सबसे ज्यादा भरत ने,
करा दिया अहसास।।

जीवन भर जीती रही,
लेकर जो विश्वास।
वही कपट से भूप ने,
जला दिया ज्यों घास।।

उस क्षण हठ का नाग जो,
उठ बैठा फुँफकार।
ज्ञान, मान, अभिमान सब
दिया उसी ने मार।।

घृणा भरे विष सी दिखे,
पुत्र भरत की दृष्टि।
अवहेला अवमानना,
की है मुझ पर वृष्टि।।

सबने कुछ - कुछ खो दिया,
सबको इसका भान।
मैने तो सब खो दिया,
जीवन बचा मसान।।

राजा अवस्थी, कटनी
13/01/2018
मोबा. 9617913287




Thursday, 11 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 21


कैकेयी अब बोलती
-------------------------------------------------------
मैं भी अब चाहूँ यही
वापस आएँ राम।
जितने होने थे हुए
तमगे मेरे नाम।।

प्रेम भरे सम्मान संग
विश्वासों की डोर।
ऐसी छूटीं भरत से
हाथ न आता छोर।।

प्रणत रही श्रीराम पर,
तन - मन सब कुछ हार।
वही भावना झेलती,
संदेहों की मार।।

निरपराध डूबे रहे
अपराधों के बोध।
करनी सबसे पड़ रही
बात प्रबोध प्रबोध।।

देखा सबने भरत को,
प्रथम डूब संदेह।
भरद्वाज गुह लखन तक,
का मन शक का गेह।।

निर्णय पल में राम ने
लिया रहें वन माँझ,
वहीं भरत ने अवध का,
त्यागा पल में राज।।

राम त्याग की मूर्ति हैं,
भरत रूप संदेह।
नियति रचे कितने प्रबल,
चक्रव्यूह से गेह।।

संदेहों के तीर से,
बिंधे भरत निरुपाय।
व्याकुल यह निर्मल हृदय,
करने चला उपाय।।

राजा अवस्थी, कटनी
12/01 /2018





कैकेयी अब बोलती - 20


कैकेयी अब बोलती
------------------------------------------------
रघुवंशी ही थे भरत,
वैसे ही संस्कार।
राजा बनने से किया,
पल में अस्वीकार।।

पिता अश्वपति को दिया,
वचन मुझे था याद।
अगर दिलाया याद तो,
किया बड़ा अपराध।।

आयोजन श्रीराम के,
राजतिलक की बात।
क्या यह छोटी बात थी,
मुझे न थी जो ज्ञात।।

सहज न था यह सभी कुछ,
रहा योजनाबद्ध।
मुझ तक आती हुईं सब,
खबरें थीं आबद्ध।।

एक रात्रि पहले मुझे,
हुआ सभी कुछ ज्ञात।
चुभा विषैले तीर - सा,
लगा हुआ कुछ घात।।

राजा रहते राम ही,
मैं भी करती हर्ष।
कैकेयी से भूप ने,
किया न एक विमर्श।।

प्यार और विश्वास की,
बरसों बरसी बात।
कैसे भूले भूप यह,
हुआ मुझे संताप।।

घरघुस्सू रानी न थी,
कैकय राजकुमारि।
राजकाज में दक्ष थी,
नीति निपुण मैं नारि।।

एक कपट के तीर ने
किया विषैली सोच।
सुख मर्यादा मान सब,
खाया पल में नोंच।।

नीति - रीति में निपुण थे,
भरत वीर सतधीर।
कौसल्या ने जड़ दिए,
उन पर विष के तीर।।

पल भर में ही भरत ने,
निर्णय लिया अकाट्य।
समझ रहे थे हो चुका,
राज अवध का त्याज्य।।

बहुत अमंगल घट चुका,
अब करना परिहार।
सारे निर्णय भरत ने,
लिए यहाँ सुविचार।।

यह निश्चित हो ही गया,
भरत न लेंगे राज।
कैकेयी के शीश ही,
गिरी निरन्तर गाज।।

राजा अवस्थी, कटनी
11/01/2018 

Tuesday, 9 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 15


कैकेयी अब बोलती - 19


कैकेयी अब बोलती
-------------------------------------------------------
अवधपुरी लौटे भरत,
सुना सत्य सब हाल।
कैकेयी को भी दिखा,
भरत रूप विकराल।।

रघुवंशी ही थे भरत,
रीति - नीति की मूर्ति।
ठान लिया होने न दें,
नारी हठ की पूर्ति।।

कौसल्या ने भरत पर,
छोड़े विषमय तीर।
अपराधी से हो गए,
निरपराध सतधीर।।

अनगिन सपथ उठा - उठा,
अशुभ स्वयं के हेत।
रहा न मुझको ज्ञान यह,
न ही मुझे अभिप्रेत।।

यदि मेरे संज्ञान में,
हो पहले ही बात।
घोर पाप मुझको लगे,
मिले न मुझको प्रात।।

कैकेयी कुल घातिनी,
पापिनि, दुष्ट, निकृष्ट।
नाना के घर किस तरह,
जन्मी ऐसी भ्रष्ट।।

मैं लाऊँगा राम को,
वे ही लेंगे राज्य।
सपथ सहित उद्घोषणा,
राज्य भरत को त्याज्य।।

अब कौसल्या के हृदय,
उमड़ा लाड़ अपार।
हृदय लगा बरसा रहीं,
अँखियाँ अँसुआ धार।।

ज्येष्ठ पुत्र राजा रहे,
मुझे न था इंकार।
किन्तु अँधेरे में मुझे,
रखा गया इस बार।।

रहा भूप को भरत पर,
क्यों ऐसा संदेह।
मुझ तक खबर न आ सकी,
भरत नहीं थे गेह।।

अगर भरत होते यहाँ,
अघट न घटता एक।
अविश्वास था भूप को
रची कपट की रेख।।

पुत्र भरत के लिए मैं,
दुष्ट पापिनी नारि।
शर्म उन्हें आने लगी,
माता मुझे विचारि।।

कैकेयी अब रह गई,
केवल एक सवाल।
अपने ही घर का हुई,
जलता हुआ पुआल।।

राजा अवस्थी, कटनी
10/01/2018




Monday, 8 January 2018

कैकेयी अब बोलती


कैकेयी अब बोलती-18
--------------------------------

दिन निकला पर अवध पर,
रहा रात का फेर।
भूप न जागे रानियाँ,
रूदन करतीं घेर।।

निपट अकेली रह गई,
मैं अपराधिनि एक।
नियति ठठाकर हँस रही,
कैकेयी को देख।।

पहले भी किसके रहा,
आँखों में प्रिय भाव।
अप्रिय बनाकर ही रखा,
मेरा उग्र स्वभाव।।

चिन्तित ऋषि, मुनि, विप्र थे,
दान न हो बिन भूप।
राज्य किसी को सौंपिए,
बने किसी भी रूप।।

इतने दिन बीते हुआ,
सारा अर्थ अनर्थ,
होनी तो थी साधना,
जीवन भर की व्यर्थ।।

अब लेने को भरत को,
भेजे दूत वशिष्ठ।
वैसे हो ही चुका था,
मेरा घोर अनिष्ट।।

पूरा पखवाड़ा गया,
की न भरत की याद।
आ जाते तो भूप का,
कम होता अवसाद।।

राजा अवस्थी, कटनी
09/01/2018


कैकेयी अब बोलती - 17


कैकेयी अब बोलती
--------------------------------
डूब गए इस बोध की,
अकथ ग्लानि में भूप।
पल - पल पीड़ा से भरा,
आगत अंधा कूप।।

पीड़ा चिन्ता ग्लानिवश,
खुलें न दोनों नैन,
राम राम बस राम ही,
रही उचारे बैन।।

राजतिलक की घोषणा,
और दिया वनवास।
विवश भूप के हृदय में,
बढ़ा विकट संत्रास।।

कथा श्रवण की शाप की,
हत्या की साकार।
अपराधों का बोध फिर,
प्रकटा ले आकार।।

बातें सारी वे हुईं,
जो दें मन को मार।
फिर कौसल्या का मिला,
लगातार धिक्कार।।

कौसल्या के सामने,
करबाँधे भूपाल।
रिरियाते करुणा भरे,
ले दो नैना लाल।।

द्रवित हुईं देवी बड़ी,
किन्तु हो गई देर।
उबर न पाए भूप फिर,
लिया मृत्यु ने घेर ।।

अर्ध रात्रि राजा गए,
गईं शोक में डूब।
हुईं नींदवश रानियाँ,
थकन भरी थी खूब।।

राजा अवस्थी, कटनी
08/01/2018




कैकेयी अब बोलती - 16

कैकेयी अब बोलती
------------------------
रहते मेरे पास तो,
भूप न तजते प्राण।
मैं दिलवा कर मानती,
उन्हें दोष से त्राण।।

मैने किस विश्वास पर,
धरी कौन सी चोट।
मुझमें ही देखा गया,
क्यों पग - पग पर खोट।।

नहीं राम - आसक्ति में,
तजे भूप ने प्राण।
बोध घृणित अपराध का,
लेकर निकला जान।।

कौसल्या निज शोक में,
बरस रहीं घनघोर।
भूप सहें असहाय - से,
दिन दुपहर निशि भोर।।

राजा अवस्थी, कटनी
07/01/2018

Friday, 5 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 15


कैकेयी अब बोलती
-------------------------------------
व्यथा भूप की हो गई,
द्विगुणित सौ - सौ बार।
कौसल्या के महल में,
पहुँचे जब सरकार।।

बरसों से मन में फँसे,
धँसे उपेक्षा दंश।
अब वे ही झरने लगे,
क्षण - क्षण कण-कण अंश।।

कौसल्या ने धैर्य की,
की न एक भी बात।
सिर्फ दोष मढ़ती रहीं,
राजा पर दिन रात।।

प्रिय कैकेयी ने दिया,
एक तरफ व्याघात।
और दूसरे दोष की,
निश - दिन हो बरसात।।

धीरज के दो बोल भी,
 सका न कोई बोल।
नष्ट भ्रष्ट सब हो गया,
यही कहा मुँह खोल।।

श्रृंगवेर  से राम ने
वापस किया सुमन्त्र।
कुशल सिया संग लखन की,
रखे नीतिगत मन्त्र।।

अवधपुरी की दुर्दशा,
कहा सुमन्त्र बखान।
राम कुशल की बात तक,
भूल न आई बान।।

सब अपने ही कर्म का,
कुफल समझ भूपाल।
फिर से मूर्छा में गए,
जान अवध बेहाल।।

राजा अवस्थी, कटनी
06/01/2018


Thursday, 4 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 14


कैकेयी अब बोलती
--------------------------------------
कौसल्या लेकर गईं,
अपने सँग ही भूप।
और वहाँ दिखला दिया,
सौत - डाह का रूप।।

सहते रहे प्रताड़ना,
कैकेयी के नाम।
जैसे दशरथ के न हों,
कौसल्या के राम।।

सुन्न अवध, संताप वश,
जनमन शोक निमग्न।
कल की जग जगमग पुरी,
क्या अब होगी भग्न।।

मैं भी सोचूँ क्या कहीं,
हुआ बड़ा अपराध।
समय बनाने में लगा,
मुझको निष्ठुर व्याध।

नहीं कल्पना में रहा,
राजा का यह रूप।
कितना व्याकुल कर गई,
राम विरह की धूप।।

क्या सचमुच केवल विरह,
रहा भूप को दाह।
या स्थितियों के वचन के,
द्वैत न हुए निबाह।।

एक तरफ तैयारियाँ,
घोषित राजा राम।
एक तरफ पिछले वचन,
खुले हो गए आम।।

एक निभे तो दूसरा,
देकर जाए दाग।
संभवतः राजा जले,
इस दुविधा की आग।।

राजा अवस्थी, कटनी
05/01/2018


कैकेयी अब बोलती - 13


कैकेयी अब बोलती
---------------------------------------------
सत्ता का पथ निठुरतम,
षड़यंत्रों की कोख।
नींद, चैन, सुख, शांति सब,
एक चाह ले सोख।।

आशंकित पूरा अवध,
भूप भरत के नाम।
रहे भरत का नाम भर,
करे कैकयी काम।।

कैकेयी के राज में,
अवध न रहने योग।
अवध छोड़कर सब चलो,
यही विचारें लोग।

जितनी कुटिल उपाधियाँ,
गढ़ पाईं पुरनार।
कैकेयी के नाम पर,
सब पा गईं प्रचार।।

मैं कैकेयी ही कुटिल,
शेष अवध सतधाम।
जन मन क्या जाने कहाँ,
महल करें क्या काम।।

राजा अवस्थी, कटनी
04/01/2018

Tuesday, 2 January 2018

कैकेयी अब बोलती - 12


कैकेयी अब बोलती
---------------------------------------------------
भरे रहे विश्वास  से,
राम भरत के हेत।
अवध सहज स्वीकार ले,
रही चेतना चेत।।

पुरवासिन्ह को राम ने,
दिया यही संदेश।
भरत अवध के लिए शुभ,
अवध भरत का देश।।

उनको राजा मानना,
करे न कोई क्लेश।
पालन करिहहिं पुत्र सम,
भरत बनें अवधेश।।

भरत अवध के भूप हों,
रहे भूप का मान।
प्रजा पुत्र से भी बड़ी,
उनको है यह ज्ञान।।

राम - भरत के मध्य जो,
रहा प्रेम विश्वास।
फाँस न कोई आ सकी,
घटी न कोई आस।।

राजा अवस्थी, कटनी
02/01/2018